डायट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रमाण पत्र दिखाते प्रतिभागी
श्रावस्ती। समग्र शिक्षा योजना के तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में चल रहा उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का तीन दिवसीय समर्थ प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न हुआ। डायट प्राचार्य राम प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक विद्यालय के शैक्षिक लीडर हैं। उनका दायित्व विद्यालय को प्रेरणा विद्यालय बनाना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के लक्ष्य नेतृत्व क्षमता, दूरदर्शिता और सकारात्मक सोच से हासिल किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम प्रभारी रमेश चंद्र मौर्य ने बताया कि प्रशिक्षण में विद्यालय नेतृत्व, वित्तीय प्रबंधन, सामुदायिक सहभागिता और निपुण लक्ष्य प्राप्त करने की रणनीतियां बताई गईं। समन्वयक जितेंद्र कुमार ने समर्थ मॉड्यूल को विद्यालय विकास की रूपरेखा बताया। इस दौरान डायट प्रवक्ता ओम प्रकाश यादव, गिरीश प्रसाद मिश्रा, दिव्य प्रताप, केशा देवी, इरशाद अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।