श्रावस्ती। महिला कल्याण विभाग की ओर से संचालित महिला शक्ति केंद्र योजना के तहत चयनित वालंटियर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसकी शुरुआत गुरुवार को ब्लॉक सभागार जमुनहा में बीडीओ ने की। इस दौरान महिला कल्याण अधिकारी ने वालेंटियर्स को महिला उत्पीड़न व बाल विवाह को रोकने के लिए प्रशिक्षित किया। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं का उत्पीड़न रोकने के लिए गंभीर है।
प्रशिक्षण की शुरुआत करते हुए खंड विकास अधिकारी जमुनहा डॉ. जेएन दूबे ने कहा कि महिला उत्पीड़न व बाल विवाह को रोकने के लिए सरकार पूरी तरह से गंभीर है। इसके लिए सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसकी जानकारी न होने के कारण तमाम लोग इन योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए चयनित स्टूडेंट वालेंटियर्स को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
वहीं महिला कल्याण अधिकारी सरिता मिश्रा ने विभाग की ओर से संचालित निराश्रित महिला पेंशन योजना, कन्या सुमंगला योजना, किशोरी शिक्षा कार्यक्रम, वृद्धा पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, पुत्री शादी अनुदान व दहेज से पीड़ित महिलाओं को अनुदान के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 112 के बारे में जानकारी दी।
वहीं जिला समन्वयक कुसुम श्रीवास्तव ने सरकार की महिला कल्याण योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, वंचितों को योजना का लाभ दिलाने व बाल विवाह रोकथाम के बारे में जागरूक करने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना की जानकारी दी।
वहीं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जनसमुदाय में जागरूकता लाने के लिए अहम भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। रिजवाना परवीन ने घरेलू हिंसा, किशोर व किशोरी सशक्तीकरण एवं बाल विवाह उन्मूलन के बारे में बताया। इस दौरान अब्दुल जब्बार खान, वीर बहादुर पाठक, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र वर्मा, सहायक विकास अधिकारी पन्नालाल निगम सहित स्टूडेंट वालंटियर्स मौजूद रहे।