कमलापुर/सीतापुर। थाना इलाके में चोरों ने शनिवार रात श्रीपालपुर मजरा सुरैचां में चार घरों को निशाना बनाया। चोर 14 हजार रुपये व जेवरात समेत लगभग दो लाख का माल बटोर ले गए। सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
थानाक्षेत्र के श्रीपालपुर निवासी सुनील रावत के घर चोर बल्ली लगाकर छत पर चढ़ गए। इसके बाद छत के रास्ते से होकर कमरे में दाखिल हुए। कमरे में रखे बक्से से 8 हजार रुपये व जेवर समेत लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
इसके बाद राजपाल के घर से 3500 रुपये व जेवर, रामसागर के घर से छह हजार रुपये व सोने के कप तथा मेवालाल के घर के बाहर सो रहे दामाद का मोबाइल चुरा ले गए। इसके बाद सुरैचा ब्रिक फील्ड में लगे सीसीटीवी कैमरों के राउटर खोल ले गए। पीड़ितों ने तहरीर पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष सतीश चंद्र ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।