डीआईजी ने पुलिस कार्यालय, सिरसिया थाना व पुलिस लाइन का किया निरीक्षण
बैठक कर अधिकारियों को कानून व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। पुलिस उप महानिरीक्षक देवी पाटन मंडल गोंडा बुधवार को भिनगा पहुंचे। जहां उन्होंने पुलिस कार्यालय व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने का निर्देश दिया। वहीं बाद में सिरसिया थने पहुंचे डीआईजी ने थाने का निरीक्षण किया।
देवी पाटन मंडल के डीआईजी अमरेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस कार्यालय के विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। जहां मिली कमियों को ठीक करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने बैठक कर अधिकारियों को सभी भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाने व नियमित रूप से चेकिंग का निर्देश दिया।
ऑपरेशन सुदर्शन के तहत नशा मुक्त अभियान चलाने व ऑपरेशन क्लीन के तहत अवैध वाहनों की नीलामी करने, कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री पर नियंत्रण लगाने, चोरी व लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त व क्षेत्र भ्रमण करने, लंबित शिकायतों का समय से निस्तारित करने को कहा। इसके बाद पुलिस लाइन पहुंचे डीआईजी ने क्वार्टर गार्ड आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वहीं सिरसिया थाने का औचक निरीक्षण कर शस्त्रागार, लॉकअप, मालखाना व थाना परिसर, भोजनालय का निरीक्षण किया। जहां सफाई व्यवस्था रखने व पुलिस कर्मियों को पोषण युक्त भोजन देने का निर्देश दिया। इस दौरान एसपी प्राची सिंह, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ नगर अतुल कुमार चौबे, इकौना संतोष कुमार, जमुनहा सतीश कुमार शर्मा, आरआई विनोद कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। संवाद