श्रावस्ती/गिलौला। सहालग में लोग मांगलिक आयोजनों की तैयारियों में व्यस्त होते हैं, लेकिन इस बार उन्हें मेहमानों को भोजन कराने की चिंता सता रही है। गैस एजेंसियों पर अब सिलिंडर मिलना बंद हो गया। होम डिलेवरी के माध्यम से घर-घर सिलिंडर पहुंचाए जा रहे हैं। ऐसे में लोगों को समय से सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। यही नहीं शादी के लिए विभाग की ओर से लोगों को सिर्फ चार सिलिंडर ही ही दिए जा रहे हैं। ऐसे में जरूरत के मुताबिक सिलिंडर जुटाने में आयोजकों को पसीना छूट रहा है। ओरीपुरवा निवासी कृपाराम बताते हैं कि उनके बेटे का विवाह है, लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। बड़ी मुश्किल से दो सिलिंडर की व्यवस्था हुई है। ऐसे में अब पूरा कार्यक्रम लकड़ी के चूल्हे पर ही निर्भर हो गया है। भिनगा निवासी देवेंद्र बताते हैं कि उनके बेटे की शादी तीन दिन बाद है, लेकिन अब तक सिलिंडर का इंतजाम नहीं हो सका है। विभाग में आवेदन तो दिया था, लेकिन दो सिलिंडर की ही अनुमति मिली है। इसी तरह कमोवेश सभी की स्थिति यही है।
लोड कम आने से दिक्कत
भिनगा राज इंडेन गैस सर्विस के मैनेजर आशीष श्रीवास्तव बताते हैं कि सिलिंडर का लोड कम आ रहा है। मांग इतनी अधिक है कि पूरा करने में काफी समस्या हो रही है। शुक्रवार को ऐसे उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिया गया, जिन्होंने नौ अप्रैल के पहले बुकिंग कराई थी। हालांकि, होम डिलेवरी की सुविधा शुरू होने से एजेंसी पर लोगों का दबाव कम हुआ है। बेवसाइट पर अधिक लोड होने के कारण लोगों की केवाईसी भी समस्या आ रही है। इसी तरह से गिलौला स्थित वत्स गैस एजेंसी के मैनेजर विजय कुमार ने बताया कि सिलिंडर कम होने से लोगों को वितरण में दिक्कत हो रही है। वहीं, केवाईसी व डीएसी नंबर को लेकर भीड़ अधिक हो जाती है।
आवश्यकता देखकर ही दिया जा रहा सिलिंडर
सिलिंडर वितरण में काफी सावधानी बरती जा रही है। किसी भी जरूरतमंद को निराश नहीं किया जा रहा है। बेटी के विवाह में चार सिलिंडर तक देने का निर्देश दिया गया है। वहीं, तिलकोत्सव व अन्य आयोजनों के लिए दो या अधिकतम तीन सिलिंडर ही दिए जा रहे हैं।
- दीपक कुमार वार्ष्णेय, जिला पूर्ति अधिकारी
राज इंडेन गैस सर्विस पर केवाईसी के लिए पहुंचे लोग