श्रावस्ती। सामूहिक दुष्कर्म, अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न धाराओं के आरोपी से शनिवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है। आरोपी पर 25000 रुपये का इनाम घोषित था। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, कारतूस व 1200 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
एएसपी चंद्रकेश सिंह ने बताया कि कोतवाली भिनगा क्षेत्र के लौकीपुरवा निवासी ननके (26) के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, षड्यंत्र रचने, एससी-एसटी एक्ट व अवैध हथियार रखने की प्राथमिकी दर्ज है। शनिवार देर रात लगभग 12:30 बजे कोतवाली भिनगा पुलिस को आरोपी ननके के बाइक से नेवरिया की तरफ से लक्ष्मणनगर–गिलौला मार्ग की ओर जाने की गुप्त सूचना मिली। साथ ही ननके के पास हथियार होने का भी इनपुट मिला।
कोतवाल राज प्रकाश सिंह ने सोनवा थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय व उनकी टीम के साथ नेवरिया मोड़ के पास चेकिंग शुरू की। पुलिस को देख कर ननके ने भागने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे पुलिस ने सीएचसी सोनवा पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल भिनगा रेफर कर दिया गया।