श्रावस्ती। जमीन सहित अन्य परिसंपत्तियों का बैनामा कराना एक अगस्त से मंहगा हो जाएगा। यह महंगाई 20 से 30 प्रतिशत तक हो सकती है। इस प्रस्ताव पर राजस्व विभाग ने आम लोगों से आपत्ति मांगी है। आपत्ति 28 जुलाई शाम पांच बजे तक दे सकते हैं।
जमीन खरीदना अब मंहगा हो जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग ने मसौदा तैयार किया है। इस मसौदे में अनुसार बैनामे के लिए बनाई गई सूची का पुनरीक्षण किया जाएगा। इस पुनरीक्षण में 20 से 30 प्रतिशत दरों में वृद्धि की जाएगी। यह पुनरीक्षित सूची एक अगस्त से लागू की जाएगी। इसके लिए एडीएम की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अनंतिम पुनरीक्षित सूची तैयार है।
एडीएम व एआईजी स्टांप के कार्यालय में यह सूची देखी जा सकती है। इस पर आम लोगों को यदि कोई सुझाव व शिकायत दर्ज करानी हो तो वह 28 जुलाई शाम पांच बजे तक इन दोनों कार्यालयों के साथ ही उप निबंधक कार्यालय में दे सकता है। निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आपत्ति नहीं ली जाएगी। यह बढ़ोत्तरी कोविड काल वर्ष 2019 के बाद की जा रही है। पहले प्रति वर्ष औसतन 10 फीसदी ही बढ़ोतरी होती थी, लेकिन तीन वर्षों तक कोई बढ़ोतरी न होने के कारण एक साथ इतनी बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव आया है।