श्रावस्ती। निर्माणाधीन एयरपोर्ट व बलरामपुर बहराइच हाईवे को फोरलेन से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लगभग नौ करोड़ रुपये से 1350 मीटर लंबी फोरलेन सड़क बनेगी। इसके अतिरिक्त 16 करोड़ रुपये फोरलेन बनाने के लिए भूमि खरीदने पर खर्च किया जाएगा। यह प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होते ही एनएच से लालबोझी संपर्क मार्ग आपस में जुड़ेगा।
पर्यटन के लिए जिले में अपार संभावनाएं हैं। पर्यटक ज्यादा से ज्यादा जिले में आएं, इसके लिए उन्हें हर सुविधाएं देने का प्रयास सरकार कर रही है। इन्हीं सुविधाओं के तहत जिले में एयर पट्टी को एयर पोर्ट में तब्दील किया जा रहा है।
एयर पोर्ट का निर्माण प्रगति पर है, लेकिन अभी तक एयर पोर्ट से लेकर बलरामपुर बहराइच नेशनल हाईवे पर मात्र सिंगल रोड थी। इसके चलते आवागमन संकरे मार्ग से हो रहा था। एयर पोर्ट प्रारंभ होते ही यहां आवागमन की गति तेज होगी। ऐसे में लोक निर्माण विभाग एनएच से एयरपोर्ट के निकट बने लालबोझी संपर्क मार्ग को फोरलेन से जोड़ने जा रहा है।
इस संपर्क मार्ग को जोड़ने पर कुल पच्चीस करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें से नौ करोड़ रुपये 1350 मीटर फोरलेन बनाने में खर्च किया जाएगा। इसके अतिरिक्त धन किसानों से जमीन खरीदने में खर्च किया जाएगा। यह रोड मौजूदा रोड से हटकर बनेगी। अभी जिस मार्ग का चौड़ी कर के रोड़ निकाली जानी है वह इंटर लाकिंग की तीन मीटर चौड़ी सड़क है।
रोजगार का बढ़ेगा अवसर
यह संपर्क मार्ग पुरानी सड़क से हटकर बनना है। इसके चलते सड़क के दोनों ओर की जमीन कामर्शियल हो जाएगी। यहां लोग आगे बढ़ने के लिए व्यवसाय करेंगे, जिसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।
एनएच से एयरपोर्ट को जोड़ने वाली यह नई प्रस्तावित सड़क कई संभावनाएं लेकर आएगी। इससे आवागमन तो सुगम होगा ही, साथ ही छोटे बड़े व्यापार का एक नया क्षेत्र विकसित होगा। आज जहां लोग खेती बाड़ी करते हैं वहां व्यवसाय का अवसर मिलेगा। इस सड़क का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही स्वीकृत होने की उम्मीद है।
- एपी सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्लूडी