श्रावस्ती। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण की रफ्तार मंगलवार को थमी रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में कोई भी कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं मिला। वहीं चार लोग संक्रमण को मात देकर स्वस्थ भी हुए। हालांकि अब भी जिले में 28 मरीज एक्टिव हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप भले ही कम होने का नाम नहीं ले रहा हो, लेकिन मंगलवार को इसकी रफ्तार थमी रही। मंगलवार को आई रिपोर्ट में जिले में कोई भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला। वहीं चार लोग संक्रमण से मुक्त हुए। इनमें इकौना के कटरा निवासी एक, जमुनहा के रमवापुर धूमबोझी निवासी एक, हरिहरपुररानी के कयापुर निवासी एक व गिलौला के लेंगड़ीगूलर निवासी एक व्यक्ति शामिल है।
जिले में अब तक 129494 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 128096 लोगों की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। अब तक 1120 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं, इनमें से 13 की संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 28 एक्टिव मरीज हैं। जिले में अब 10 कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं।
सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने लोगों से अपील की हैं कि कोरोना से बचने के लिए लोग बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे।