हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में मदरसे को सील करते कर्मी।
तुलसीपुर (श्रावस्ती)। जिले में बगैर मान्यता व सार्वजनिक भूमि पर संचालित मदरसों पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। एसडीएम जमुनहा के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार देर शाम हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में छापा मारा। इस दौरान चार मदरसों को सील किया गया। इसके साथ ही जिले में अब तक सील किए जाने वाले मदरसों की संख्या 65 पहुंच चुकी है।
एसडीएम जमुनहा संजय कुमार राय ने तहसीलदार विपुल सिंह, बीईओ सतीश कुमार व लेखपाल सुरेश खन्ना सहित हरदत्त नगर गिरंट पुलिस के साथ क्षेत्र के इमलिया करनपुर के मजरा कटवा में कब्रिस्तान की भूमि पर बने मदरसा बहार तैयबा की जांच की। इस दौरान संचालक मदरसे के संचालन से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर तहसीलदार ने इसे सील कर दिया। इसके बाद रहमतु गांव पहुंची टीम ने देखा कि यहां खलिहान की भूमि पर मदरसा अरबिया रहमनिया सिद्दीकिया नबीतुल उलूम का संचालन हो रहा है। इसे सील किया गया। इसके बाद नवीन परती की भूमि में इमलिया करनपुर में संचालित मदरसा दारुल उलूम गालिब नवाज रजा ए मुस्तफा इस्लामिया व हरदत्त नगर गिरंट में खाद गड्ढा की भूमि पर बने मदरसा जाफिया रिजबिया उलूम के संचालकों से मदरसा व भूमि से संबंधित अभिलेख मांगा। अभिलेख प्रस्तुत न कर पाने पर टीम ने इन सभी मदरसों को सील कर दिया। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि बगैर मान्यता व सार्वजनिक भूमि पर बने सभी मदरसों को सील किया जाएगा। यह कार्रवाई अभी जारी रहेगी।