श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप अभी जारी है। वहीं इससे स्वस्थ होने वालों की संख्या भी संतोषजनक है। बुधवार को आई रिपोर्ट के अनुसार चार लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं तीन कोरोना वारियर्स इससे स्वस्थ भी हुए हैं।
बुधवार को आई रिपोर्ट में संक्रमितों की संख्या स्वस्थ होने वालों की अपेक्षा अधिक रही। जमुनहा के वीरपुर बाजार निवासी एक, इकौना के मुस्काबाद खरगौरा गनेश निवासी एक व भिनगा बाजार निवासी दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां के लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है।
वहीं जिले के तीन कोरोना वारियर्स स्वस्थ भी हुए। इनमें संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में तैनात दो स्वास्थ्य कर्मी व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी शामिल है। जिले में अब तक 120325 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 119356 की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। इनमें से 1111 लोग संक्रमित मिले। इनमें से 13 लोगों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 38 एक्टिव केस हैं।
जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 204 पहुंच चुकी है। इनमें से सात कंटेनमेंट जोन अब भी सक्रिय हैं जिनमें इकौना में तीन, जमुनहा में एक व भिनगा में तीन कंटेनमेंट जोन सक्रिय हैं। इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव का एकमात्र उपाय एहतियात है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि बिना मास्क व गमछा बांधे घर से न निकलें। एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखें।