श्रावस्ती। श्रावस्ती में गुरुवार को चार वर्षीय बालक समेत चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें से तीन मजदूर मुंबई से लौटे थे। यह सभी क्वारंटीन स्थल से भाग कर घर पहुंच गए थे।
इसी दौरान एक मजदूर के संपर्क में आने से उसका भतीजा भी संक्रमित हो गया था। जानकारी पर स्वास्थ्य विभाग सभी को क्वारंटीन स्थल ले आया था। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अब स्वास्थ्य विभाग उनके परिवार व नजदीकी संपर्क के लोगों के नमूने ले रही है।
मुंबई से जमुनहा क्षेत्र के 15 प्रवासी मजदूर नौ मई को एक डीसीएम पर सवार होकर आए थे। इन्हें जमुनहा पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग ने लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज में भेज कर उनकी जांच कराई थी।
जांच में संदिग्ध पाए जाने पर सभी लोगों को प्राथमिक विद्यालय कुंडा में क्वारंटीन कर दिया गया था। इसी के बाद इसमें से सात लोग रात को चुपके से क्वारंटीन स्थल से भाग कर अपने घर पहुंच गए थे।
घर पहुंचने के दो दिन बाद आए नमूने की रिपोर्ट में डीसीएम से आया एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला था। इसी के बाद इन सातों लोगों को फिर से क्वारंटीन स्थल लाया गया था। जहां इनके नमूने लिए गए थे।
नमूनों की रिपोर्ट गुरुवार को प्राप्त हुई तो घर भागे प्रवासी मजदूरों में तीन को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जबकि एक मजदूर का चार वर्षीय भतीजा भी इनके संपर्क में आने से कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
सभी संक्रमित लोगों को एलवन हास्पिटल भेजा जा रहा है। नए चार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के साथ जिले में मरीजों की कुल संख्या 28 पहुंच गई है। इसमें से 22 एक्टिव कोरोना संक्रमित हैं।
वहीं एक मरीज की मौत हो चुकी है, तथा पांच लोग ठीक होकर घर आ चुके हैं। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव बताते हैं कि जो प्रवासी मजदूर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं उनके नजदीकी संबंधियों के नमूने लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूरे सेंटर को सैनिटराइज किया जा रहा है।