जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में पिछले एक माह से संदिग्ध बुखार का प्रकोप व्याप्त है। इससे पीड़ित मरीजों को न सिर्फ गले में कुछ निगलने में परेशानी हो रही है। बल्कि उन्हें झटके भी आ रहे हैं। विगत एक माह के दौरान बीमारी की चपेट में आने से पिता-पुत्र सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य अब भी इस संदिग्ध बीमारी की चपेट में हैं। ग्राम प्रधान की सूचना पर शनिवार पहुंची स्वास्थ्य टीम पीड़ितों का इलाज कर रही है। फिलहाल डॉक्टर बीमारी के बारे में अभी कुछ भी बता पाने में अक्षम महसूस कर रहे हैं।
रामपुर गांव में इस समय संदिग्ध बुखार का प्रकोप व्याप्त है। इससे मरीजों के गले में संक्रमण के कारण थूक, पानी व खाद्य पदार्थ निगलने में परेशानी हो रही है। इतना ही नहीं लोगों को सीने व गले में जकड़न, गला सहित शरीर में दर्द व तेज बुखार के साथ झटके भी आ रहे हैं।
बीमारी की चपेट में आने से शुक्रवार शाम दुर्गादीन (बारह दिन) पुत्र राजू की मौत हो गई। जबकि गुरुवार को बुजुर्ग जुड़ाई कश्यप (62) पुत्र रामसुधि की मौत हो गई थी। बीते 13 सितंबर को प्रदीप कुमार तिवारी (32) व छह सितंबर को प्रदीप के पिता जयपत्तर तिवारी (60) पुत्र देवी बख्स तिवारी की जिला अस्पताल बहराइच में इलाज के दौरान मौत हो चुकी है।
वहीं जलेश्वर (35) पुत्र राम सूरत, गोलू (20) पुत्र साधूराम गुप्ता, गुल्लू तिवारी (18) पुत्र प्रदीप कुमार तिवारी, झुरथी देवी (60) पत्नी सियाराम, शांती देवी (25) पत्नी नंदराम सहित कई अन्य अब भी इसकी चपेट में हैं।
बीमारी की सूचना शुक्रवार रात ग्राम प्रधान अब्दुल्लाह खान द्वारा उप जिलाधिकारी जमुनहा मया शंकर यादव को दी गई। सूचना पर पहुंची स्वास्थ्य टीम पीड़ितों का इलाज कर रही है। जबकि हालत गंभीर होने के कारण झुरथी देवी व शांती देवी को सीएचसी मल्हीपुर में भर्ती किया गया है।
इस बारे में सीएमओ डॉ. बीके सिंह बताते हैं कि मरीजों का रक्त लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद ही बीमारी का पता चल सकेगा। फिलहाल डॉक्टरों को गांव में भेजकर उनका इलाज किया जा रहा है।