जमुनहा (श्रावस्ती)। मल्हीपुर के रामपुर बस्ती निवासिनी एक विवाहिता का शव गुरुवार रात घर की बड़ेर में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकता मिला। ससुरालीजनों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मायके पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहराइच के थाना मटेरा अंतर्गत ग्राम समोखन के मजरा धनोली निवासी हसमत अली पुत्र हसन अली ने पुत्री गुलफिशा (20) का विवाह 08 मार्च 2020 को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के रामपुरबस्ती निवासी शमशुद्दीन के पुत्र जाकिर से किया था। इस दौरान उसने मुस्लिम रीतिरिवाज के अनुसार दान दहेज भी दिया था। मौजूदा समय जाकिर मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी कर रहा है। गुलफिशा का शव गुरुवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर की बड़ेर में दुपट्टे के फंदे के सहारे लटकता मिला।
ससुरालीजनों की सूचना पर पहुंची मल्हीपुर पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के पिता की तहरीर पर मल्हीपुर पुलिस ने पति जाकिर, ससुर शमशुद्दीन, सास हसरतुल व ननद रुखसाना के विरुद्ध दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे बताते हैं कि मामला दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह को सौंपी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।