श्रावस्ती में बाइक निकालने के विवाद को लेकर पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन व पूर्व सपा जिलाध्यक्ष महमूद आलम नाइमी पर लाठी-डंडे, धारदार हथियार से हमला करने और फायरिंग का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल पूर्व चेयरमैन को सीएचसी से जिला अस्पताल, भिनगा रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
यूपी के श्रावस्ती में बाइक निकालने को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने नगर पंचायत, इकौना के पूर्व चेयरमैन और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महमूद आलम नाइमी (65) पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इकौना ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत देखते हुए जिला चिकित्सालय, भिनगा रेफर कर दिया।
विज्ञापन
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, पूर्व चेयरमैन के परिजनों ने हमलावरों पर कई राउंड फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महमूद आलम ने डांटकर वहां से भगा दिया था
बताया गया कि इकौना कस्बा निवासी महमूद आलम नाइमी शुक्रवार सुबह अपनी खाद की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी अशोक कुमार शुक्ला के बेटे से बाइक निकालने को लेकर उनका विवाद हो गया। विवाद के दौरान महमूद आलम ने पड़ोसी के बेटे को डांटकर वहां से भगा दिया।
इसके बाद दोपहर में अशोक कुमार शुक्ला अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर पूर्व चेयरमैन पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से उनकी जमकर पिटाई की। हमले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों की भीड़ पहुंचने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
बेटे ने तहरीर में लगाया फायरिंग का आरोप
पूर्व चेयरमैन के बेटे महफूज आलम ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पिता पर लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से भी हमला किया। आरोपियों के पास असलहे भी थे। उन्होंने जान से मारने की नीयत से कई राउंड फायरिंग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सीएचसी पहुंचे सपा सांसद, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा सैकड़ों समर्थकों के साथ सीएचसी, इकौना पहुंचे। उन्होंने घायल पूर्व चेयरमैन के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
सीओ भरत पासवान ने बताया कि पूर्व चेयरमैन को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय, भिनगा भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।