कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते डीएम।- स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट के तथागत सभागार में शुक्रवार को इंडियन बैंक की ओर से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को सुप्तावस्था में पड़े खातों के संचालन व उसमें जमा रकम पुन: प्राप्त करने की जानकारी दी गई। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा के 16 लाभार्थियों को भी चेक प्रदान किए गए।
वित्त मंत्रालय की ओर से आपकी पूंजी आपका अधिकार अभियान चलाया जा रहा है। एलडीएम जुगल किशोर ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 45 खातों में 717 लाख रुपये वापस कराए गए हैं। डीएम अश्विनी कुमार पांडेय ने कहा कि भूली हुई पूंजी को वापस पाने के लिए इस अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक कर अभियान के बारे में बताएं, जिससे खाताधारक अभियान का लाभ ले सकें। इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख केसी साहू ने कहा कि अपने निकट संबंधियों व मित्रों को भूले-बिसरे खातों में जमा राशि निकलवाने के लिए जागरूक करें।
इस मौके पर सीडीओ शाहिद अहमद, पीडी डीआरडीए अश्वनी कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति, बीएसए अजय कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अमित वार्ष्णेय सहित अन्य मौजूद रहे।