सिरसिया में सड़क हादसे में वन दरोगा की मौत के बाद बिलखते परिजन। -संवाद
श्रावस्ती। वन कार्यालय पश्चिमी सोहेलवा से चार्ज देकर लौट रहे वन दरोगा की मोटर साइकिल सिरहनिया मोड़ पर शुक्रवार को एक अन्य बाइक से टकरा गई। इसमें वन दरोगा सहित दूसरा मोटर साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया जिन्हें सीएचसी सिरसिया में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान वन दरोगा की मौत हो गई। दूसरे युवक को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है। बलरामपुर जिले के थाना हरैया अंतर्गत ग्राम भरहा भक्ता निवासी कमलेश तिवारी पुत्र सुखदेव तिवारी वन विभाग में दरोगा थे जिनकी तैनाती पश्चिमी सोहेलवा रेंज में थी। शुक्रवार को वह किसी काम से मोटरसाइकिल लेकर सिरसिया थाना क्षेत्र के सिरहनिया मोड़ गए थे। तभी सामने से आ रहे थाना क्षेत्र के सेमरा बेरिया कुंडा निवासी शमशाद पुत्र लल्लन की मोटरसाइकिल से आमने सामने भिड़ंत हो गई। इसमें वन दरोगा कमलेश तिवारी व शमशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे वन कर्मचारियों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिरसिया में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान वन दरोगा कमलेश तिवारी की मौत हो गई। वहीं शमशाद की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया है। मृतक वन दरोगा का कुछ दिन पूर्व ही स्थानांतरण सीसी बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित रामपुर रेंज में हुआ था। शुक्रवार को वह चार्ज देने पश्चिमी सोहेलवा रेंज आए थे। वहां से वापस लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। संवाद