श्रावस्ती। जिले में पुलिस की ओर से दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान विभिन्न स्कूलों में निबंध व पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसका मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में समापन किया गया। इस दौरान प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस की ओर से नवंबर को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा था। इस दौरान लोगों को जागरूक करने के साथ ही विभिन्न स्कूलों में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं यातायात माह कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कस्बों, भीड़भाड़ वाले वाले स्थानों, स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर वाहन चालकों, आमजन व छात्रों को जागरूक किया गया, जिसका मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में समापन किया गया।
इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले 30 छात्र-छात्राओं को पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल का प्रयोग न करने, ओवर स्पीड व लापरवाही पूर्वक वाहन न चलाने की अपील की।
साथ ही सदैव ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि आप लोग अभिभावकों, सगे संबंधियों को भी नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करें। इस मौके पर सीओ नगर हौसला प्रसाद, प्रतिसार निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, प्रभारी यातायात उपनिरीक्षक राजीव कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।