श्रावस्ती। भिनगा के उच्च प्राथमिक विद्यालय सत्तीचौरा में गांधी जयंती पर प्रधानाध्यापक ने ध्वजा रोहण किया था, लेकिन इसके बाद इसे उतारना भूल गए। इसकी शिकायत जब रविवार को स्थानीय लोगों ने बीईओ से की, तब जाकर शिक्षक ने राष्ट्रीय ध्वज को उतारा।
बच्चों को राष्ट्र गौरव का पाठ पढ़ाने वाले शिक्षक ही इसे भूल रहे हैं। विद्यालय में ध्वजारोहण करने के बाद उसे उतारने के लिए शिक्षक आए ही नहीं। जब इसकी शिकायत हुई तब राष्ट्रीय ध्वज को उतार कर रखा गया। मामला भिनगा नगर के उच्च प्राथमिक विद्यालय सत्तीचौरा का है। यहां मोहम्मद अख्तर प्रधानाध्यापक पद पर तैनात हैं।
गांधी जयंती पर वह सुबह यहां ध्वजारोहण करने आए थे। इसके बाद वह वापस स्कूल बंद कर घर चले गए। रविवार को जब स्थानीय लोगों ने स्कूल के गेट पर राष्ट्रीय ध्वज देखा तो इसकी शिकायत खंड शिक्षाधिकारी अखिलेश यादव से कई।
इसके साथ ही लोगों ने बताया कि मोहम्मद अख्तर प्रधानाध्यापक के रूप में काफी दिनों से तैनात है, लेकिन वह यहां यदा कदा ही दिखाई देते हैं। लोगों ने खंड शिक्षाधिकारी से कार्रवाई की मांग करते हुए ध्वज को सम्मान के साथ उतारने की मांग की। इसके बाद पहुंचे शिक्षक ने राष्ट्रीय ध्वज को उतारकर सुरक्षित रखा।