श्रावस्ती। नगर पालिका परिषद भिनगा के तीन वार्ड की विद्युत आपूर्ति शनिवार देर रात बाधित हो गई। मामूली फाल्ट के कारण करीब पांच हजार की आबादी पूरी रात अंधेरे में डूबी रही। इसकी शिकायत के बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के कर्मी रविवार दोपहर तक फाल्ट दुरुस्त नहीं कर सके। इससे उपभोक्ताओं में पावर कॉर्पोरेशन के प्रति नाराजगी देखी गई। दोपहर एक बजे के बाद किसी तरह आपूर्ति बहाल की गई।
विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर के सहारे नगर पालिका परिषद भिनगा के अब्दुल कलाम नगर, कृष्ण नगर व सिविल लाइन वार्ड को विद्युत आपूर्ति दी जाती है। इन वार्डों को आपूर्ति देने के लिए भिनगा जंगल के किनारे लगे पोल में फ्यूज लगाया गया है। मामूली फाल्ट के कारण अक्सर लाइन कट जाती है। शनिवार देर रात जंगल के निकट फ्यूज उड़ जाने के कारण इन तीनों वार्डों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
जिससे करीब 1200 उपभोक्ता व करीब पांच हजार की आबादी पूरी रात अंधेरे में डूबी रही। रात में भीषण उमस भरी गर्मी के कारण बेहाल उपभोक्ताओं द्वारा कई बार कंट्रोल रूम सहित क्षेत्र के लाइन मैन को फोन कर आपूर्ति बहाल कराने की बात कही गई। लेकिन हर बार उपभोक्ताओं को पोल झाड़ियों में होने की बात कह कर टाला दिया गया। जिससे उपभोक्ताओं में निगम के जिम्मेदारों के प्रति आक्रोश दिखा।
ब्रेक डाउन से पांच घंटे ठप हुई आपूर्ति
विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर में रविवार सुबह करीब नौ बजे बरसात के बाद ब्रेक डाउन हो गया। इससे समूचे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद मौके पर पहुंचे पावर कॉर्पोरेशन कर्मियों ने फाल्ट दुरुस्त कर दोपहर करीब एक बजे के बाद आपूर्ति बहाल कर दी। इसके बाद मछरिहिवा क्षेत्र सहित नगर के सिविल लाइन, अब्दुल कलाम नगर व कृष्ण नगर वार्ड की आपूर्ति बहाल हो सकी।
पावर कॉर्पोरेशन की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे उपभोक्ता
विद्युत उपकेंद्र भिनगा के मछरिहिवा फीडर की लाइन भिनगा जंगल के किनारे से होकर गुजरी है। वहीं कई स्थानों पर लगे पेड़ विद्युत लाइनों को छू रहे हैं। ऐसे में हलकी बूंदा बांदी व जरा सी तेज हवा चलने के कारण पेड़ों की डालियां विद्युत तारों से टकरा जाती है। इससे लाइन में फाल्ट हो जाता है। इसे दुरुस्त करने में पावर कॉर्पोरेशन कर्मी कई-कई घंटे लगाते हैं।
इसकी कई बार उपभोक्ताओं ने शिकायत भी की। इस पर पावर कॉर्पोरेशन के जिम्मेदार अधिकारियों ने लाइन मैनों को कई बार डालियों की छटाई करने का निर्देश भी दिया। तमाम निर्देश के बाद भी विद्युत लाइनों पर लटक रही डालियों की छटाई न होने व विद्युत कर्मियों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को कई कई घंटे व कभी कभी पूरी रात अंधेरे में गुजारना पड़ रहा है। जिस पर ध्यान न दिए जाने से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
कुछ जगह फाल्ट से दिक्कतें हुईं थी, जिन्हें ठीक कराकर आपूर्ति चालू करा दी गई है। विद्युत लाइनों में यदि कोई खराबी आए तो उपभोक्ता लाइन मैन से न कह कर इसकी सूचना संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता अथवा विद्युत उपकेंद्र के कंट्रोल रूम को दें। जिससे समय रहते फाल्ट को दुरुस्त कराया जा सके। - रमा शंकर मौर्य, अधिशासी अभियंता, पावर कॉर्पोरेशन