श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में जिले के पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले, जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं छह व्यक्ति कोरोना को हराकर स्वस्थ भी हुए हैं। इस पर सभी को एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए घर भेजा गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को आई रिपोर्ट में हरिहरपुररानी के सिसवा निवासी एक व्यक्ति, गिलौला के शिवबालक पुरवा निवासी एक, भिनगा के रामपुर निवासी दो व्यक्ति व सिरसिया बाजार निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव निकला। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां आसपास रह रहे लोगों को एहतियात बरतने को कहा गया है। उधर वहीं सिरसिया बाजार निवासी एक, हरिहरपुररानी के उदईपुर निवासी तीन, गिलौला के ककंधू निवासी एक व सिरसिया के सोहेलवा निवासी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमण से मुक्त भी हुआ है। जिन्हें एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए घर भेजा गया है। जिले में अब तक 174163 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। इनमें से 173199 लोगों की रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है। अब तक 1239 लोग कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से 17 लोगों की संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 23 एक्टिव केस हैं। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि कोरोना से सावधानी बरत कर ही बचा जा सकता है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि कोरोना प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए बगैर मास्क घर से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे।