श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं एक युवक स्वस्थ भी हुआ है, जिसे कोविड अस्पताल से घर भेजा गया है।
वैश्विक महामारी कोरोना का प्रकोप जिले में अभी जारी है। सोमवार को आई रिपोर्ट में पांच लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें से इकौना के ग्राम खरगौरा गनेश के मजरा मुस्काबाद निवासी एक, हरिहरपुररानी के ग्राम चितईपुर में एक, कयापुर में एक, भिनगा में एक व जमुनहा के वीरगंज निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला।
जिन्हें होम क्वारंटीन किया गया है। इसके साथ ही प्रभावित गांव में लोगों को एहतियात बरतने का निर्देश दिया गया है। वहीं इकौना बाजार निवासी एक व्यक्ति कोरोना से स्वस्थ भी हुआ। जिले में अब तक 117936 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 117010 की जांच रिपोर्ट जिले को प्राप्त हो चुकी है।
1104 लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं 13 लोगों की संक्रमण के चलते मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 43 एक्टिव केस हैं। जिले में कुल कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 204 पहुंच चुकी है। इनमें से सात जोन अब भी सक्रिय हैं। इनमें इकौना में तीन, जमुनहा में एक व भिनगा में तीन जोन सक्रिय हैं।
इस बारे में सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय एहतियात बरतना है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। एक दूसरे से दो गज की दूरी बनाएं रखे।