इकौना (श्रावस्ती)। पयागपुर-मोहनीपुर मार्ग पर शनिवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में दो मासूम व दंपती सहित पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी इकौना में भर्ती कराया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बहराइच रेफर किया गया है।
इकौना के ग्राम जयचंदपुर कटघरा के मजरा अवधूत नगर निवासी महेश तिवारी (35) शनिवार अपनी पत्नी प्रियंका (33) व दो बच्चों के साथ बाइक से पयागपुर से घर लौट रहे थे। वहीं ग्राम कंजड़वा निवासी विशाल (30) पुत्र राकेश बाइक से इकौना से पयागपुर की ओर जा रहे थे। बौद्ध परिपथ स्थित मोहनीपुर शराब भट्टी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना में दोनों बाइक सवार समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी इकौना में भर्ती कराया। वहां से प्रियंका व विशाल की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया है।
अनियंत्रित होकर पलटी बाइक, सवार गंभीर
मल्हीपुर के ग्राम कानी बोझी के मजरा प्रतापपुर निवासी सिराज (20) शनिवार देर शाम बाइक से वीरगंज बाजार गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में जमुनहा ब्लॉक मुख्यालय के पास वह बाइक से नियंत्रण खो बैठे और बाइक मार्ग पर पलट गई। घटना में सिराज गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी मल्हीपुर पहुंचाया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
साइकिल से टकराकर बाइक सवार दो घायल
इकौना के ग्राम टंडवा महंत के मजरा रामपुर बनकट निवासी विनय बलरामपुर के कोड़री निवासी मुकेश के साथ रिश्तेदारी में गए थे। वहां से लौटते समय बौद्ध परिपथ स्थित मलांवा गांव के पास सामने जा रही साइकिल से उनकी बाइक टकरा गई। घटना में विनय व मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने निजी साधन से दोनों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वापस घर भेज दिया है।