कटरा। गाजियाबाद के लोनी निवासी कवि विनयशील चतुर्वेदी (64) पत्नी कुमुद लता चौबे (62) के साथ शनिवार को बौद्ध तपोस्थली दर्शन-पूजन के लिए आए थे। दर्शन के बाद लौटते समय बौद्ध परिपथ पर खरगौरा बस्ती पेट्रोल पंप के पास उनकी कार में सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दंपती, उनके साथ मौजूद 10 वर्षीय बालक और पिकअप चालक आशीष पांडेय (24) व इंद्रसेन (40) गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने पांचों घायलों को सीएचसी इकौना पहुंचाया। विनयशील, उनकी पत्नी कुमुद लता व बालक को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। बहराइच में दंपती की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि विनयशील बहराइच जिले के विशेश्वरगंज निवासी अपने दोस्त मनोज श्रीवास्तव की भतीजी की शादी में शामिल होने आए थे। शादी संपन्न होने के बाद शनिवार को वह श्रावस्ती घूमने निकले थे और हादसे का शिकार हो गए।