तुलसीपुर (श्रावस्ती)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के दौरान निजी अस्पतालों में खामियां मिलने पर उन्हें सील किया जा रहा है। वहीं, बाद में उन्हीं अस्पतालों का लाइसेंस भी जारी कर दिया जा रहा है। ऐसे में विभागीय कार्यप्रणाली पर उठ रहे हैं।
जमुनहा के माल्ही चौराहे पर संचालित हॉस्पिटल व पॉलीक्लिनिक पर छह जनवरी को तत्कालीन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट संजय कुमार राय व तत्कालीन मल्हीपुर सीएचसी अधीक्षक अवनीश तिवारी ने डीएम के निर्देश पर छापा मारा था। इस दौरान पॉलीक्लिनिक का रजिस्ट्रेशन तो मिला, लेकिन मौके पर कोई मरीज व डॉक्टर नहीं मिले। इसपर एसडीएम ने इसे सील कर दिया था।
इसके बाद टीम ने चौराहे पर संचालित हॉस्पिटल में छापा मारा था। इस दौरान यहां गंभीर मरीज भर्ती मिले, ऑपरेशन थिएटर व काफी मात्रा में दवाएं भी मिली थीं। मौजूद कर्मचारी हास्पिटल से संबंधित कागज नहीं दिखा सके। इसपर एसडीएम ने इसे भी सील कर दिया था। बाद में कोई कार्रवाई न कर उसका लाइसेंस जारी कर दिया गया।
इस बारे में सीएचसी अधीक्षक मल्हीपुर ठाकुर दास बताते हैं कि उन्हें सीएमओ का आदेश पत्र मिला था। इसपर एसडीएम के साथ जाकर हॉस्पिटल खुलवाया गया।