श्रावस्ती। पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए जिले में नामांकन प्रक्रिया शनिवार को प्रारंभ हो गई। सुबह आठ बजे से ही लोग नामांकन पत्र के साथ फीस जमा करने के लिए कतारबद्ध हो गए। कुछ विकास खंडों में तो नामांकन पत्र व फीस जमा करने के लिए बेहतर व्यवस्था की गई थी लेकिन कुछ में पहले दिन व्यवस्था लचर दिखी। जिसके चलते वहां माहौल अफरातफरी का रहा। व्यवस्थाओं पर निगाह रखने के लिए डीएम सहित जिले के अन्य अधिकारी दिन भर दौरे पर रहे।
जिले में पंचायत चुनाव पहले चरण में होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को प्रारंभ हो गई। सभी प्रत्याशी समय से अपना नामांकन पत्र जमा करने के लिए बेचैन दिखाई दिए। सबसे ज्यादा अफरातफरी का माहौल फीस जमा करने को लेकर था। इसका करण था कि बैंकों में लगातार दो दिनों तक अवकाश होने के कारण वहां ट्रेजरी चालान से फीस जमा नहीं हो पाई। शनिवार को हाफ-डे होने के कारण बैंक में लंबी कतार थी। तो नामांकन के दूसरे दिन रविवार अवकाश होने के कारण बैंक में पुन: चालान न जमा कर पाने के कारण पूरा दबाव नामांकन स्थल पर ही फीस जमा करने को है। इसी कारण जो प्रत्याशी दूसरे दिन यानी रविवार को नामांकन जमा करना चाहते थे। वह भी फीस जमा करने के लिए कतार में लग गए। जिसके चलते सभी विकास खंड में फीस जमा करने के लिए लंबी-लंबी कतार सुबह आठ बजे से ही लग गई। जबकि काउंटर कहीं नौ तो कहीं साढ़े नौ बजे खुला।
जमुनहा में व्यवस्था रही ज्यादा दुरुस्त
सिरसिया में नामांकन पत्र व फीस जमा करने के लिए 10 काउंटर बनाए गए थे। इन्हीं काउंटरों पर शुल्क भी जमा हो रहा था। जबकि जमुनहा में 11 काउंटर बनाए गए थे। इसके साथ ही यहां शुल्क जमा करने के लिए अतिरिक्त दो काउंटर बनाए गए। ताकि जहां लंबी कतार हो वह लोग यहां आकर अपना शुल्क जमा कर सकें। हरिहरपुररानी विकास खंड में 11 काउंटर के साथ फीस जमा करने के लिए एक अतिरिक्त काउंटर बनाया गया था। गिलौला में वैसे तो नामांकन पत्र जमा करने के लिए 11 काउंटर बनाए गए थे। लेकिन यहां सभी काउंटर में भारी भीड़ देखने को मिली।
आरओ को ही नहीं मालूम कहां जमा होगा शुल्क
गिलौला में सबसे अधिक अव्यवस्था देखने को मिली। यहां आरओ के रूप में अधिशाषी अभियंता बाढ़ खंड विनोद कुमार गुप्ता को आरओ बनाया गया है। लेकिन उन्हें यह नहीं मालूम कि उनके विकास खंड में कुल कितने स्थानों में फीस जमा हो रही है। या फिर भीड़ होने पर अतिरिक्त व्यवस्था होगी कि नहीं। उनका कहना था कि यह व्यवस्था खंड विकास अधिकारी देखेंगे कि कहां अतिरिक्त काउंटर बनाया जाए।
11 बजे तक 352 लोगों ने किया नामांकन
नामांकन प्रक्रिया पहले दिन कुछ सुस्त दिखाई दी। इसका कारण था कि लोगों को धरोहर राशि जमा करने को लेकर असमंजस व पेरशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद जिले में 11 बजे तक जिला पंचायत सदस्य के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में पांच नामांकन, हरिहरपुररानी में बीडीसी के नौ, प्रधान के 33 व सदस्य ग्राम पंचायत के दो, सिरसिया में बीडीसी के 22, प्रधान के 53 व सदस्य ग्राम पंचायत के 18, जमुनहा में बीडीसी के 39, प्रधान के 75 व सदस्य ग्राम पंचायत के 15, गिलौला में बीडीसी के 16, प्रधान के 13 व सदस्य ग्राम पंचायत के दो, इकौना में बीडीसी के 17, प्रधान के 22 व सदस्य ग्राम पंचायत के 11 ने नामांकन पत्र जमा किया।
अधिकारी भी रहे सक्रिय
नामांकन प्रक्रिया सुबह आठ बजे से जिले में प्रारंभ हो गई। नामांकन प्रारंभ होने से पहले सुबह सात बजे से ही एडीएम योगानंद पांडे, एएसपी बीसी दुबे द्वारा हरिहरपुररानी, कलेक्ट्रेट, सिरसिया सहित सभी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था जांची गई।
जिले के सभी विकास खंडों के साथ कलेक्ट्रेट में सुबह आठ बजे से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। सभी नामांकन वाले स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात है। नामांकन स्थान से दो मीटर की दूरी तक वाहन, जुलूस व किसी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र ले जाना पूर्ण प्रतिबंधित है। इसके साथ ही कोविड प्रोटोकाल का पालन कराने के लिए भी ड्यूटी पर लगे कर्मियों को निर्देशित किया गया है। -बीसी दुबे, एएसपी