गोलउतपुर में लगी आग के बाद जला समान
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। गोलउतपुर गांव में सोमवार चूल्हे से उठी चिंगारी से लगी आग में तीन घर जल कर राख हो गए। हादसे के दौरान घर में सो रहे नि:शक्त किशोर की झुलसने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को काबू किया। भिनगा कोतवाली पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।
भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोलउतपुर निवासी मंशाराम की पत्नी चूल्हे पर दूध गर्म कर रही थी। इसी बीच चूल्हे से उठी चिंगारी से उसके फूस के घर में आग लग गई। जब तक लोग संभल पाते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने पड़ोसी केशवराम, शिवदयाल के घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों को देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बेकाबू हो गई।
आग को बेकाबू देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना भिनगा कोतवाली पुलिस अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इस दौरान घर में सो रहे मंशाराम के आठ वर्षीय नि:शक्त पुत्र अजय यादव आग की चपेट में आने से जल कर मौत हो गई। आग लगने से इन तीनों ही घरों में रखा कपड़ा, बर्तन, अनाज समेत घर क सारा सामान जल कर राख हो गया।
अजय को बचाने के प्रयास में मंशाराम की पत्नी भी झुलस गई। जिसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में भर्ती कराया गया है। प्रभारी निरीक्षक भिनगा बृजेश द्विवेदी ने बताया कि अजय यादव विकलांग था। जिस कारण वह घर से बाहर न निकल सका। ऐसे में उसकी झुलसने से मौत हो गई।