गिरंट बाजार/तुलसीपुर। जमुनहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरगदहा में सोमवार रात अज्ञात कारणों से फूस के घर में आग लग गई। आग की चपेट में आकर बाइक की टंकी फट गई, जिससे आग और भड़क गई। हादसे में नौ हजार की नकदी, बाइक और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
बरगदहा गांव निवासी राम दुलारे ने बताया कि सोमवार रात वह परिवार के साथ सो रहे थे। उसी दौरान घर में आग लग गई। लपटें उठती देख परिजन शोर मचाते हुए घर से बाहर भागे। ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। इसी बीच घर में खड़ी बाइक भी आग की चपेट में आ गई। उसकी टंकी फटने से जोरदार धमाका हुआ और आग विकराल हो गई। धमाके की आवाज से ग्रामीण सहम गए।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सामान जल चुका था। राम दुलारे ने बताया कि खाद खरीदने के लिए रखे नौ हजार रुपये, बाइक, गेहूं, धान, चावल और गृहस्थी के अन्य सामान जल गए। उन्होंने एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की बात कही। आग में सब कुछ जल जाने से परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
एसडीएम रवेंद्र कुमार ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाएगा। इसके बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी।