श्रावस्ती। इकौना के बेचूबाबा निवासी एक व्यक्ति को मोहल्ले का ही एक व्यक्ति शुक्रवार को साथियों संग बोलेरो से अगवा कर ले गया और पिटाई कर उसकी भूमि का बैनामा करा लिया। पीड़ित की तहरीर पर इकौना पुलिस ने एक नामजद व सात अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इकौना थाना क्षेत्र के मोहल्ला बेचूबाबा निवासी सुखराम पुत्र मालिकराम ने आरोप लगाया कि उसी के मोहल्ले का निवासी हवलदार पांडेय पुत्र ननकू शुक्रवार को अपने सात साथियों के साथ उसके घर आया था। वह सुखराम को बोलेरो गाड़ी से अगवा करके इकौना तहसील ले गया और वहां पीड़ित के शराबी बेटे से पैसों की लेनदेन की बात कहते हुए असलहा दिखाकर स्टांप पर अंगूठा लगवा लिया।
इसके बाद सुखराम को रजिस्ट्री ऑफिस चलकर बयान देने को कहा। पीड़ित द्वारा मना करने पर सभी ने उसे जमकर पीटा। साथ ही बयान न देने पर पीड़ित व पुत्र को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपी ने इकौना बाईपास स्थित उसके घर के सामने की सड़क से लगी जमीन का बैनामा करा लिया।
देर शाम आरोपी कोई कार्रवाई न करने की धमकी देते हुए उसे घर छोड़ गए। पीड़ित सुखराम ने इकौना पुलिस से मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक इकौना रामकृपाल शुक्ल बताते हैं कि जबरन जमीन लिखाने का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।