गिलौला (श्रावस्ती)। अगरडीहा में रविवार को पंचायत चुनाव की चर्चा के दौरान दो पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में नौ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी गिलौला पहुंचाया। वहीं दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आहट होते ही गांव में चुनावी चर्चा शुरू हो गई है। गिलौला क्षेत्र के ग्राम अगरडीहा में रविवार शाम गांव निवासी मैदानी के दरवाजे पर कुछ लोग एकत्र हो चुनावी चर्चा कर रहे थे। इसी बीच वहां पहुंचे अमानत अली ने हस्तक्षेप किया। इससे मैदानी भड़क गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठियां चलीं। इसमें मैदानी पक्ष के बरसाती, मोहर्रम अली, फैयाज अली, रमजान अली, भोंदू व शमशुल निशा को चोट आई। वहीं दूसरे पक्ष से अमानत अली, रुखसाना व संझिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी गिलौला पहुंचाया। वहां से अमानत अली की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। वहीं शेष घायलों का इलाज सीएससी में चल रहा है। इस बारे में थानाध्यक्ष जयहरी मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।