श्रावस्ती। मिशन शक्ति फेज-5 व सेवा पखवाड़ा के तहत महिला कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इस क्रम में मंगलवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज के निर्देशन में भिनगा के सर्वामाई धाम पर कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन की जिला मिशन समन्वयक सरिता मिश्रा ने कहा कि बेटियां अब किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। हमारे त्योहार व पर्व भी हमें महिलाओं का सम्मान करना सिखाते हैं। इस दौरान बालिकाओं का पूजन कर उन्हें पकवान खिलाए गए।
कार्यक्रम के दौरान पात्र बालिकाओं का कन्या सुमंगला योजना के तहत पंजीकरण भी किया गया। इस मौके पर जेंडर स्पेशलिस्ट कुसुम व संजय कुमार वर्मा, रवि मिश्रा व पवन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।