श्रावस्ती। टीबी हारेगा देश जीतेगा अभियान का तीसरा चरण बुधवार से प्रारंभ हुआ। अभियान को जांचने के लिए राज्य स्तर से विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार दो दिवसीय भ्रमण पर भिनगा पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने जिला क्षय रोग केंद्र पर बैठक की। इस दौरान राज्य सलाहकार डॉ. उमर अकील ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के सभी पहलुओं पर पर यूनिटवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान लक्ष्यों के सापेक्ष कम उपलब्धि वाले टीबी यूनिट के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षकों पर नाराजगी जताते हुए कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया।
डीटीओ डॉ. एमएल वर्मा ने सभी पर्यवेक्षकों को एक सप्ताह के अंदर निक्षय पोर्टल पर होने वाली सभी इंट्री पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद जिला क्षय रोग अधिकारी एवं राज्य सलाहकार ने भिनगा स्थित एक स्वास्थ्य सेवा केंद्र पर भ्रमण कर प्राइवेट नोटिफिकेशन बढ़ाने की अपील निजी चिकित्सकों से की। इस मौके पर डीपीसी रवि मिश्रा, एसटीएलएस अनुपम श्रीवास्तव, एसटीएस अल्ताफ हुसैन एवं पंकज शर्मा मौजूद रहे।