जमुनहा (श्रावस्ती)। देवरा के मजरा दोंदीपुरवा स्थित एक खेत में हाईटेंशन लाइन ढीली होने के कारण लटक रही थी। करंट की चपेट में आने से रविवार को एक किसान के पुत्र की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति आक्रोश है।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुबराती पुरवा निवासी जालिम अहमद का खेत दोंदीपुरवा गांव के निकट स्थित है। रविवार को जालिम अहमद का पुत्र मोहम्मद रफीक (30) घर से खेत में पानी लगाने के लिए निकला था। जैसे ही वह देवरा के मजरा दोंदीपुरवा के निकट पहुंचा, वहां देवरा निवासी गुरुचरण के खेत के पास लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इस दौरान आपूर्ति बहाल होने के कारण रफीक की घटनास्थल पर ही झुलसने से मौत हो गई।
आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने इसकी सूचना परिवारीजनों सहित ग्रामीणों को दी। सूचना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया।
वहीं ग्रामीणों में बिजली निगम को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुचरन के खेत में काफी समय से हाईटेंशन लाइन का तार लटक रहा था। इसकी शिकायत के बाद भी इसे दुरुस्त न किए जाने के कारण यह घटना घटी। वहीं किसान पुत्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।