श्रावस्ती। भिनगा क्षेत्र के ग्राम रामपुर देवमन के मजरा दत्तनगर निवासी बड़कऊ (35) सोमवार को भैंस खरीदने बाराबंकी गए थे। देर शाम भैंस खरीद कर वह पिकअप वाहन लौटे। भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग पर ग्राम बौरिहवा के पास पिकअप वाहन से भैंस को नीचे उतरवा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो वाहन उनसे टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें निजी वाहन से संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचाया। यहां पर हालत में सुधार न हाेने पर चिकित्सक ने उन्हें मेडिकल काॅलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, वाहन चालक मौके से पिकअप वाहन लेकर चला गया।