जिला चिकित्सालय में निरीक्षण करते सीएमओ। -स्रोत: विभाग
श्रावस्ती। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा का औचक निरीक्षण किया। चिकित्सालय में खामियों की कलई खुल गई। कहीं पंखा बंद मिला, तो कहीं ओपीडी रजिस्टर ही नदारद रहा। इस पर उन्होंने संबंधितों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
सीएमओ के निरीक्षण में अस्पताल के मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड अनुपस्थित मिले। गार्ड की अनुपस्थित में वाहन जहां-तहां खड़े मिले। इमरजेंसी वार्ड में सफाई व्यवस्था ठीक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
दोपहर के समय पीएनसी वार्ड में पंखे बंद मिले, इससे मरीजों को गर्मी में परेशान होना पड़ रहा है। एसएनसीयू वार्ड में चिकित्सक मौके पर ओपीडी रजिस्टर ही नहीं दिखा सके। इसी क्रम में दवाओं का रखरखाव भी ठीक नहीं मिला।
अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लगी रही, जहां मरीजों ने रुपये लेकर जल्दी काम करने की भी शिकायत की। ईसीजी कक्ष में टेक्नीशियन भी नहीं मिला। लेबर रूम व इमरजेंसी वार्ड के द्वार पर गंदगी व्याप्त मिली।
इमरजेंसी में रखी सेक्शन मशीन भी खराब मिली। इस पर सीएमओ ने जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमएस डॉ. केडी गुप्ता व डॉ. माला मुनी आदि मौजूद रहीं।