भिनगा में भरत मिलाप के दौरान मौजूद कलाकार।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। दशानन के वध के बाद बुधवार को भिनगा सहित जिले के अन्य हिस्सों में रामलीला कमेटियों की ओर से भरत मिलाप का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भिनगा के नई बाजार स्थित चौराहा व इकौना के पूर्व ब्लॉक प्रमुख के आवास पर राम व भरत के मिलाप का मंचन देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम लंका पति दशानन का वध कर अयोध्या पहुंचते हैं। इस दौरान भिनगा व इकौना सहित जिले की रामलीला कमेटियों की ओर से भरत मिलाप जुलूस निकाला गया। यह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भिनगा में नई बाजार स्थित भरत मिलाप चौराहा व इकौना में पूर्व ब्लॉक प्रमुख दिनेश कुमार खरे के आवास पहुंचा। जहां भरत की ओर से राम की अगुवाई की जाती है।
भरत को देख राम उन्हें अपने गले से लगा लेते हैं। इस दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने न सिर्फ फूलों की वर्षा की, बल्कि भरत व राम को माला पहना कर उनकी मंगल आरती भी उतारी। राम व भरत का मिलाप देख उपस्थित लोग भाव विभोर हो गए। इस मौके पर काफी संख्या में क्षेत्रवासी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।