धमाके के बाद जला ऑटो सर्विस सेंटर । - संवाद
तुलसीपुर। मल्हीपुर क्षेत्र के पटना कस्बे में बुधवार रात ऑटो सर्विस सेंटर में धमाका हो गया, जिससे आग लग गई। कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आकर मकान के पिछले हिस्से में रह रहे फेरी वालों के कपड़े भी जल गए।
ग्राम पटना निवासी मुरली गुप्ता के मकान में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र के ग्र्राम काली मिश्रपुरवा निवासी मोतीलाल किराये पर दुकान लेकर ऑटो सर्विस सेंटर चलाते है। मंगलवार शाम मोतीलाल दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे।
बुधवार देर रात अज्ञात कारण से ऑटो सर्विस सेंटर में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग ने सेंटर में रखे सामान को चपेट में ले लिया।
मकान में पीछे के कमरों में किराये पर रह रहे एटा जिले के निधौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नंगला देवा निवासी बंटी, कासगंज के ग्राम नगला उल्फत निवासी संजय, बुलंदशहर के पहासू क्षेत्र के गनगगढ़ नंगला बंजारा निवासी आकाश फेरी लगाकर कपड़े बेचते हैं।
आग लगने बाद सभी लोग पीछे का दरवाजा तोड़कर बाहर निकले। मल्हीपुर पुलिस ने लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। कुछ देर बाद दमकल कर्मी भी पहुंचे। दुकान मालिक मोती लाल ने बताया की आग से करीब 30 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। कपड़ा व्यापारियों के कपड़े भी जल गए।
हो सकता था बड़ा हादसा
घटना स्थल से मात्र 70 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम है। यदि समय से आग पर काबू नहीं पा लिया जाता तो शायद बड़ा हादसा हो सकता था। दुकानदार ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
वर्जन
प्रथम दृष्टया दुर्घटना बिजली के मीटर में आग लगने से हुई लग रही है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सतीश कुमार शर्मा, सीओ