इकौना के जगतजीत इंटर कालेज में प्रैक्टिकल करते छात्र।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद की ओर से जिले में तीन से बारह फरवरी के मध्य इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा कराने की घोषणा की गई है। इस घोषणा के बाद बुधवार को इंटरमीडिएट के संबंधित सभी छात्र छात्राएं प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए पूरी तैयारी कर विद्यालय पहुंचे। लेकिन परीक्षक नहीं आए। ऐसे में परीक्षार्थी अपने प्रैक्टिकल का रिवीजन करते रहे। इस दौरान उनके चेहरों पर मुस्कान भी देखने को मिली। प्रयोगात्मक परीक्षा देने आए छात्र छात्राएं परीक्षक के न आने से हतोत्साहित नहीं थे। उनका मानना था कि कोरोना काल में विद्यालय बंद होने के कारण उन्हें पूरी तरह से प्रयोग करने का अवसर नहीं मिला। ऐसे में एक दिन दोबारा रिवीजन करने से उन्हें फायदा होगा। यही मानना शिक्षकों व प्रयोगशाला सहायकों का भी था। जो छात्र-छात्राओं को दोबारा प्रयोग करना सिखा रहे थे।
केस-एक- श्री अलक्षेंद्र इंटर कॉलेज भिनगा
विद्यालय में भौतिक व रसायन विज्ञान के सभी परीक्षार्थी बुधवार को प्रयोगात्मक परीक्षा देने की तैयारी के साथ विद्यालय पहुंचे थे। समय से यहां प्रयोगशाला भी खुली। इसके पहले कि परीक्षक विद्यालय पहुंचते छात्र-छात्राएं अपने-अपने प्रयोग को दोहरा लेना चाहते थे। लेकिन परीक्षक नहीं आए। ऐसे में छात्र-छात्राएं पूरे दिन अपने प्रयोग की पुनरावृत्ति करते रहे।
केस-दो - जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना
विद्यालय की प्रयोगशाला में छात्र-छात्राएं रसायन विज्ञान का प्रयोग कर रहे थे। सुबह 11 बजे ही इन सभी छात्र-छात्राओं को यह पता चल गया था कि आज परीक्षक नहीं आ रहे। फिर भी इनके चेहरों पर मुस्कान थी। उनका मानना था कि कोरोना काल में वह जिस तरह से प्रयोग की तैयारी करना चाहते थे। वह नहीं कर सके। ऐसे में परीक्षक के न आने से उन्हें एक और मौका मिला। जिसे वह गवाना नहीं चाहते हैं।
बोले छात्र, शिक्षण कार्य संतोषजनक नहीं
इंटर की छात्रा माहेनूर का कहना था कि इस वर्ष शिक्षण कार्य संतोषजनक नहीं कहा जा सकता। ज्यादातर पढ़ाई घर पर ही करनी पड़ी। प्रयोग भी कम ही करने का अवसर मिला। ऐसे में एक दिन का यह मौका काम आएगा। छात्रा शीतल का कहना था कि प्रयोग की सभी फाइलें उनकी तैयार हैं। प्रयोग भी दोबारा करने का मौका मिल गया है। अब परीक्षक आएं तो कोई दिक्कत नहीं होगी। ऐसा ही कहना छात्रा दीक्षा पाठक का भी था। जो परीक्षक के न आने से उत्साहित दिखी।