भिनगा तहसील में पीड़ितों की फरियाद सुनते डीएम। -स्रोत : सूचना विभाग
श्रावस्ती। भूमि की पैमाइश के लिए राजस्व निरीक्षक ने चार हजार रुपये ले लिए और गलत रिपोर्ट लगा दी। जानकारी करने पर पता चला कि उनका स्थानांतरण हो गया है। अब रिपोर्ट सही करवाने के लिए दौड़ रहे हैं, न्याय दिलवा दीजिए। यह शिकायत घोलिया निवासी फूलजहां ने डीएम अजय कुमार द्विवेदी से की। फूलजहां की शिकायत पर डीएम ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
जिले की सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 28 शिकायतें आईं, जिनमें से सात का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। भिनगा तहसील में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने की। एएसपी मुकेश चंद्र उत्तम भी मौजूद रहे।
अलीनगर निवासी आसिया ने शिकायती पत्र देकर कहा कि राजस्व कर्मियों ने उनकी भूमि की पैमाइश कर अंश निर्धारण कर दिया था। अपने हिस्से में उन्होंने धान की फसल लगाई है, लेकिन विपक्षियों ने फसल को जोतकर अपनी फसल लगा दी। आसिया की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम भिनगा व मल्हीपुर पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए।
जमुनहा क्षेत्र के गंगा भागड़ निवासी प्रेम नरायन ने जमीन पर गांव के कुछ दबंगों द्वारा कब्जा करने का आरोप लगाया। भिनगा तहसील में कुल सात मामले आए, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया। जमुनहा तहसील में नौ में से दो व इकौना में 12 शिकायतों में से तीन का निस्तारण किया गया।
इस दौरान एसडीएम भिनगा आशीष भारद्वाज, सीओ भिनगा सतीश कुमार शर्मा, सीएमओ डॉ. एके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति, डीपीओ पीके दास आदि मौजूद रहे।