फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shravasti News: धरती को बचाने के लिए पर्यावरण संतुलन जरूरी

Mon, 05 Jun 2023 11:53 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, श्रावस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस पर जिले के सभी विभागों ने पौधरोपण किया। इस मौके पर जिला जज ने न्यायालय कैंपस, एसपी ने कार्यालय में शपथ ग्रहण तो पुलिस लाइन में पौधरोपण किया। वहीं शैक्षणिक, सामाजिक संस्थाओं ने भी बढ़ चढ़ कर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जिला जज ने धरती के महत्व को लोगों को बताया।
विज्ञापन


वन विभाग द्वारा जूनियर हाईस्कूल प्रांगण में एक गोष्ठी करके पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्लास्टिक व इलेक्ट्रॉनिक कचरा से दूर रहने की हिमायत की गई। इसे पर्यावरण का सबसे बड़ा शत्रु बताया गया। इस दौरान भिनगा के वन क्षेत्राधिकारी नंदकिशोर यादव ने लोगों को पौधरोपण का महत्व समझाया। जबकि यहां जूनियर हाईस्कूल बांसकुड़ी के बच्चों ने अपनी एक टोली बनाकर पौधरोपण करने के बाद पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। जबकि सीआरबी इंटर कॉलेज में पौधरोपण कर पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया गया।
न्यायालय परिसर में जिला जज ने किया पौधरोपण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित पौध रोपण कार्यक्रम में जिला जज देवेंद्र सिंह ने न्यायालय के आवासीय परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धरती ही है जहां एक के बदले दो सौ गुना फल के रूप में मिलता है। फैक्ट्री में हम रीसाइक्लिंग करके वस्तुएं बनाते हैं। लेकिन धरती हमें जस का तस मूल रूप से देती है। इसलिए धरती को बचाए रखने के लिए पर्यावरण संतुलन जरूरी है।
विज्ञापन

जिला जज ने कहा कि सिर्फ पौधरोपण से काम नहीं चलेगा। इसके लिए हमें पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान देना होगा। जब तक बरसात नहीं होती तब तक रोपित पौधों को पानी देने की व्यवस्था करनी चाहिए। इसलिए अधिकारी एक दिन पौधों के साथ कार्यक्रम करें। जहां पौधों को पानी देने के साथ ही इसके आसपास उगी झाड़ियों को स्वयं साफ करें। इस मौके पर सचिव व एडीजे अजय सिंह, उमेश कुमार, सुदामा प्रसाद सहित न्याय विभाग के अधिकारी व अधिवक्ता सहित अन्य मौजूद रहे।
पौधरोपण कर उसके संरक्षण की दिलाई शपथ
विश्व पर्यावरण दिवस पर सोमवार को जला पंचायत कार्यालय परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने पौधा रोपित किया। इसके बाद कार्यालय सभागार में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें मौजूद लोगों को पौधरोपण कर उसके संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर रणवीर सिंह, मनोज सोनकर, अशोक यादव, मुखिया खान सहित अन्य मौजूद रहे।
वृक्ष धरती का गहना है तो हरियाली शृंगार : एसपी
श्रावस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस कार्यालय में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर एसपी प्राची सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों को वृक्ष लगाने व धरती बचाने के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि वृक्ष धरती का गहना है, हरियाली पृथ्वी का शृंगार है। धरती की सुंदरता बनाए रखने के लिए उसे हरा भरा रखने की जिम्मेदारी हमारी है।
यदि इस पर ध्यान न दिया गया तो पर्यावरण असंतुलन का खतरा उत्पन्न हो सकता है। जिसका सिर्फ मानव ही नहीं जीव व जंतुओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। जिसके घातक परिणाम हमें कभी बाढ़, तो कभी सूखा तो कभी अन्य दैवीय आपदाओं के रूप में भुगतना पड़ सकता है। ऐसे में विश्व पर्यावरण दिवस पर आज हमें यह शपथ लेनी होगी कि हम अपने जीवन में कम से कम दस पौधे का रोपण करने के साथ ही उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस मौके पर पुलिस लाइन में एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण करके पर्यावरण संतुलन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सीओ सिटी अतुल कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

एसएसबी ने निकाली साइकिल रैली
श्रावस्ती। एसएसबी 62वीं वाहिनी मुख्यालय भिनगा में कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी के नेतृत्व में जवानों ने विश्व पर्यावरण दिवस पर साइकिल रैली निकाला। यह रैली एसएसबी कैंप से भिनगा बाजार पहुंची। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी संदीप कुमार जेटली ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाना, प्रकृति एवं प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, कचरे का रीसाइक्लिंग कर फिर से उपयोग करने एवं लोगों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने एवं वन की सुरक्षा के बारे में लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि वन ही हमारे अच्छे पर्यावरण को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने में अहम योगदान देते हैं। इसलिए ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें और पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाएं। इस मौके पर उप कमांडेंट सोनू कुमार, सहायक कमांडेंट पंचानन महाजन, सहित काफी संख्या में एसएसबी के जवान मौजूद रहे। वहीं भैंसाही नाका पर एसएसबी व नेपाल प्रहरी ने संयुक्त रूप से पर्यावरण दिवस मनाया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें