श्रावस्ती। निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के लिए निगम लाइन लॉस कम करने व शत प्रतिशत बिल वसूली के लिए लगातार निर्देश जारी कर रहा है लेकिन जिले में वसूली बढ़ नहीं पा रही है। इससे निगम लगातार घाटे में जा रहा है। इसका खामियाजा समय पर विद्युत बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ता भुगत भी रहे हैं।
जिले में भिनगा टाउन, सीडीएस भिनगा, इकौना सीडीएस, सीताद्वार, कटरा, गिलौला, उल्लहवा, भंगहा, घोलिया व लक्ष्मणपुर में 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया गया है। इनके सहारे एक लाख 39 हजार 30 उपभोक्ताओं को अबाध विद्युत आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है। इन उपभोक्ताओं को आपूर्ति देने के लिए निगम प्रति माह 11 करोड़ रुपये की बिजली खरीदता है। जबकि चार करोड़ रुपये कर्मचारियों के वेतन, मानदेय व लाइन तथा ट्रांसफार्मर आदि की मरम्मत के नाम पर खर्च कर रहा है।
जबकि देखा जाए तो पंद्रह करोड़ रुपये प्रतिमाह खर्च होने के बाद भी निगम की ओर से मात्र तीन करोड़ रुपये ही प्रतिमाह विद्युत बिल वसूल हो पा रही है। निगम के आंकड़ों पर गौर करें तो जिले में मात्र सात हजार उपभोक्ता ही ऐसे हैं जिनकी ओर से नियमित समय से विद्युत बिल का भुगतान किया जा रहा है। भुगतान न होने के कारण उपभोक्ताओं पर निगम का अब तक 216 करोड़ रुपये का बकाया है। ऐसे में बिजली चोर व बकायेदारों के कारण नियमित समय से विद्युत बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
87 हजार बड़े बकायेदारों का कनेक्शन काटने के साथ जारी होगी आरसी
जिले में 87 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं जो पांच हजार रुपये व उससे अधिक के बकायेदार हैं। ऐसे उपभोक्ताओं से वसूली के लिए न सिर्फ बड़े स्तर पर अभियान चलाकर उनका कनेक्शन काटा जा रहा है बल्कि ऐसे लोगों के विरुद्ध आरसी भी जारी की जा रही है। अब तक 1500 लोगों के विरुद्ध आरसी जारी हो चुकी है। जबकि 15 हजार लोगों की आरसी काटने की कार्रवाई की जा रही है। परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ता तत्काल बकाया भुगतान करें, अन्यथा कार्रवाई होगी।
- रणजीत चौधरी अधिशासी अभियंता विद्युत