लक्ष्मनपुर बाजार स्थित विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते उपभोक्ता । -संवाद
सिरसिया (श्रावस्ती)। सिरसिया क्षेत्र के लक्ष्मनपुर बाजार के उपभोक्ताओं ने बुधवार रात उपकेंद्र का घेराव किया। अघोषित कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लक्ष्मनपुर चौराहे पर प्रदर्शन किया। साथ ही समस्या का निदान न होने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।
भिनगा व सोहेलवा जंगल के मध्य बसे सिरसिया क्षेत्र के गांवों में जंगली हिंसक जीव जंतुओं का खतरा बना रहता है। ऐसे में दिन-रात हो रही अघोषित बिजली कटौती से बुधवार रात उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। नाराज उपभोक्ताओं ने देर रात विद्युत उपकेंद्र लक्ष्मणपुर बाजार का घेराव कर प्रदर्शन किया।
उपभोक्ताओं ने निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद लक्ष्मनपुर चौराहे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। नाराज उपभोक्ताओं का आरोप था कि ग्रामीण क्षेत्रों में चार से पांच घंटे ही बिजली मिल रही है। यदि व्यवस्था जल्द न सुधरी तो उग्र आंदोलन करने के लिए विवश होंगे। इस मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।