श्रावस्ती। विद्युत निगम की ओर से बकाया बिलों के भुगतान के लिए सोमवार से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। तीन चरणों में आयोजित होने वाले शिविर में उपभोक्ताओं को ब्याज व मूलधन में छूट प्रदान की जाएगी।
अधिशासी अभियंता राज नारायण ने बताया कि राहत योजना के तहत गांवों में सुबह नौ बजे से शिविर लगाया जाएगा। इसमें उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से बिजली बिल में छूट प्रदान की जाएगी। छूट का लाभ लेने के लिए शिविर में निर्धारित शुल्क जमाकर पंजीकरण कराना होगा।
उन्होंने बताया कि पहला चरण पहली से 31 दिसंबर तक चलेगा। इसमें पंजीकरण व बिल का भुगतान करने पर 100 प्रतिशत ब्याज व मूलधन में 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। दूसरा चरण पहली से 31 जनवरी तक चलेगा, जिसमें 100 प्रतिशत ब्याज व मूलधन में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
बताया कि तीसरा चरण पहली से 28 फरवरी तक चलेगा। इसमें उपभोक्ता को 100 प्रतिशत ब्याज के साथ मूलधन में मात्र 15 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही बिजली चोरी में एफआईआर होने पर भी नियमानुसार छूट दी जाएगी।