श्रावस्ती। मतदान के पहले मंगलवार को ही भारत नेपाल सीमा को सील कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मतदान के दिन अंतर्जनपदीय सीमाएं भी सीज होंगी। जबकि मतदाताओं को जिले के अंदर अपने निजी वाहनों का उपयोग करने की अनुमति होगी। लेकिन यह वाहन मतदान केंद्र से सौ मीटर दूर ही खड़ा करना होगा। पंचायत चुनाव को लेकर डीएम टीके शिबु व एसपी अरविंद कुमार मौर्य ने कलेक्ट्रेट में बैठक की। इस बैठक में मतदान से पूर्व भारत नेपाल सीमा को सील करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान डीएम ने बताया कि भारत नेपाल सीमा पर तैनात नेपाल सशस्त्र प्रहरी एसपी से ज्वाइंट बैठक पहले की जा चुकी है। तेरह अप्रैल से नेपाल प्रहरी भी भारत की ओर आने वाले लोगों को वहीं पर रोकेंगे। इसके साथ ही मतदान के दिन बलरामपुर व बहराइच से लगी सीमा को सील किया जाएगा। लेकिन बलरामपुर बहराइच हाइवे खुला रहेगा। इस दौरान वोटरों को थोड़ी राहत जरूर मिली है।
वोटर जिले के अंदर अपने निजी वाहन का उपयोग परिवार के साथ मतदान स्थल से सौ मीटर दूरी तक कर सकेंगे। लेकिन प्रत्याशी इस दौरान वोटरों को लाने ले जाने के लिए वाहन का इस्तेमाल नहीं करेंगे। अन्यथा उनके वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान एसपी अरविंद कुमार ने भी बघौड़ा सीमा से सटे भारत नेपाल रोड को बैरीकेट करने की जानकारी दी। बैठक के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट परीक्षित खटाना, एडीएम योगानंद पांडे, एएसपी बीसी दुबे, एसडीएम व प्रभारी अधिकारी नजारत आरपी चौधरी, एआईजी स्टांप पीएन सिंह समेत कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
विकासखंड गिलौला में 157449, इकौना में 171769, जमुनहा में 183960, हरिहरपुररानी में 140037 एवं सिरसिया में 175173 मतदाता है। इस प्रकार जनपद में कुल 828388 मतदाता है। जिनके द्वारा मतदान किया जाना है।
जिले में 19 जोन एवं 86 सेक्टर बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त सुपर जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा 51 कलस्टर मोबाइल टीम व 10 सुपर कलस्टर मोबाइल टीम लगायी गयी है। जो मतदान के दिन अपने अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर शांतिपूर्ण मतदान कराएंगी।
जिले में 475 मतदान केन्द्र है। जिनके अंतर्गत 1332 मतदेय स्थल हैं। इनमें 19 संवेदनशील मतदान केन्द्र तथा 57 मतदेय स्थल है। 29 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र व 94 मतदेय स्थल है। साथ ही 427 सामान्य मतदान केंद्र है। जिनके अंतर्गत 1181 मतदेय स्थल है।
जिले में 1332 पोलिंग पार्टियां मतदान कराने के लिए 14 अप्रैल को रवाना होंगी। इस दौरान रिजर्व में 139 पोलिंग पार्टियां सुरक्षित रखी गई हैं। मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों मेें 5434 कार्मिक लगाये गये हैं। जिनकी सुरक्षा के लिए पांच हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
निर्वाचन के दौरान कोई भी व्यक्ति बाधा उत्पन्न करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी। किसी भी प्रत्याशी द्वारा आदर्श आचार संहिता का पालन न करने की शिकायत मिली तो उनके विरूद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद कुमार मौर्य एसपी
मतदान के दिन सभी केंद्रों पर पूर्ण सख्ती रहेगी। यदि कोई व्यक्ति मतदान केंद्र पर कुछ उत्पात कराने का प्रयत्न करेगा तो उसके विरुद्ध गैगेस्टर व एनएसए जैसी कार्रवाई की जाएगी। जो मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील प्लस की श्रेणी में हैं। वहां पीएसी तैनात होगी, शेष में पुलिस की तैनाती रहेंगी।
- टीके शिबु डीएम