इकौना। तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। ग्राम पंचायत बंजरही निवासी राम कृपाल शुक्ला (65) बुधवार शाम साइकिल से किसी काम से वीरपुर चौराहा गए थे। वहां से लौटते समय नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के कटरा-वीरपुर मार्ग पर परसरामपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।राहगीरों ने उन्हें एंबुलेंस की मदद से इकौना सीएचसी पहुंचाया, जहां सिर में गंभीर चोट देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज से उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ भेजा गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।