इकौना (श्रावस्ती)। बौद्ध परिपथ पर गुरुवार की सुबह टहलने निकले माफीपुरवा निवासी एक अधेड़ को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया है।
इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम सोनरई के मजरा माफीपुरवा निवासी माता प्रसाद उर्फ पेशकार तिवारी (50) पुत्र दुखहरण तिवारी प्रतिदिन की भांति गुरुवार सुबह पांच बजे टहलने निकले थे। जैसे ही वह बौद्ध परिपथ स्थित सीताद्वार मोड़ के पास पहुंचे, तभी बहराइच से बलरामपुर की ओर जा रहे वाहन ने माता प्रसाद को टक्कर मार दी। इससे वह मार्ग पर ही दूर जा गिरे। हादसे में माता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद लोगों की सूचना पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे। वहीं परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने शव का पंचनामा भराकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक इकौना मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
ब्रेकर न होने से आए दिन हो रहे हादसे
बौद्ध परिपथ स्थित सीताद्वार मोड़, तिलकपुर मोड़, इकौना व कटरा बाईपास सहित मोहनीपुर मोड़ व महामाया डिग्री कॉलेज के निकट ब्रेकर नहीं है। इसके चलते आए दिन यहां मार्ग दुर्घटनाएं हो रही हैं। विगत वर्ष नवरात्र पर सीताद्वारा मोड़ के निकट टेंपो व ट्रक की भिड़ंत में नौ लोगों को अपनी जान गवांनी पड़ी थी। इतना ही नहीं विगत पांच वर्ष में सीताद्वार मोड़ के पास बारह से अधिक लोगों की मार्ग दुर्घटना में मौत हो चुकी है। ऐसे में स्थानीय निवासियों ने डीएम, सीडीओ से हस्तक्षेप कर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।