तुलसीपुर (श्रावस्ती)। बकरी को पत्ता खिलाने के लिए शनिवार शाम पेड़ पर चढ़ा अधेड़ अचानक पेड़ से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को परिवारीजन अस्पताल ले जा रहे थे। जिसकी रास्ते में मौत हो गई।
सोनवा थाना क्षेत्र के ग्राम गौसपुर निवासी छोटेलाल (60) पुत्र रामप्रसाद ने बकरी पाल रखी है। शनिवार शाम छोटेलाल एक पेड़ पर चढ़ कर बकरी के लिए पत्ता तोड़ रहा था। तभी अचानक पैर फिसलने के कारण वह अनियंत्रित होकर पेड़ से नीचे गिर गया। जिससे उसे गंभीर चोट आई। परिवारीजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल बहराइच ले जा रहे थे। जिसकी रास्ते में मौत हो गई।
शव को गांव वापस लाकर रविवार सुबह परिवारीजनों ने लाश का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवारीजनों ने इसकी जानकारी सोनवा पुलिस को नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक सोनवा देवेंद्र पांडे बताते हैं कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। बीट आरक्षियों को मौके पर भेजकर मामले की जानकारी कराई जा रही है।