श्रावस्ती। भिनगा-लक्ष्मनपुर मार्ग वर्षों पहले गड्ढे में तब्दील हो चुका है। रही सही कसर बरसात में जंगल की ओर से आने वाला पानी पूरा कर देता है। इस रोड को फिर से बनवाने की मांग वर्षों से हो रही थी। इसके लिए कई बार सड़क पर आंदोलन भी हुआ। ऐसे ही जिले की सात सड़कें और भी हैं। जिनका स्वामित्व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के पास है। जिले की इन अति जर्जर आठ सड़कों के निर्माण में 27 करोड़ 59 लाख 99 हजार रुपये खर्च होंगे। इन सभी सड़कों के पुनर्निर्माण की मंजूरी अब शासन से मिल चुकी है।
भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग न केवल जिले के तराई वाले हिस्से को जोड़ता है। बल्कि यह मार्ग बलरामपुर के शिवपुरा विकास खंड के साथ-साथ बलरामपुर के मथुराघाट से लोगों को जोड़ता है। इस सड़क से जिले के लोगों को जितना लाभ है। उससे कहीं अधिक लाभ बलरामपुर जिले के लोग स्वास्थ्य सेवाओं व दैनिक बाजार के उपयोग के रूप में लेते हैं। वर्ष 2018 में ही आई बाढ़ के दौरान यह सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। पटरियां कट जाने के कारण सड़क जगह-जगह पर गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। स्थिति यह है कि भिनगा से लक्ष्मनपुर का सफर किसी जोखिम से कम नहीं है। इसीलिए हर बरसात में आसपास के ग्रामीण सड़क पर उतर कर आंदोलित हो जाते हैं। यहां तक कि विगत वर्ष बरसात के दिनों में भुजंगा के पास इस सड़क पर ग्रामीणों ने कई दिनों तक स्वयं सेवा करके आने-जाने की स्थिति बनाई थी।
ऐसे ही जिले के सात अन्य मार्ग जो जिले को दूसरे जनपदों से या फिर गांव को जिला व तहसील मुख्यालय से जोड़ते हैं, उनकी भी स्थिति जर्जर है। सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत आने के कारण इस पर कुछ काम भी नहीं हो पा रहा था। बार-बार ग्रामीणों की मांग व डीएम द्वारा लिखे गए पत्रों को संज्ञान में लेते हुए शासन ने भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग सहित सात अन्य मार्गों को बनाने की मंजूरी दे दी है। इन सड़कों पर 27 करोड़ 59 लाख 95 हजार रुपये खर्च होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। सभी सड़कें एक वर्ष के अंदर बन कर तैयार होनी हैं। सड़क मंजूरी की खबर के बाद लक्ष्मनपुर क्षेत्र में रहने वाले लोगों में हर्ष का माहौल है। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने देर ही सही लेकिन इस समस्या से निजात दिलाने के लिए बेहतर प्रयास किया।
इन सड़क का होगा निर्माण
भिनगा-लक्ष्मनपुर दुर्गापुर संपर्क मार्ग-लागत चार करोड़ 25 लाख 81 हजार, हुसैनपुर खुरहुरी से बहराइच मल्हीपुर रोड-लागत तीन करोड़ 52 लाख 17 हजार, तिलकपुर भंगहा से धर्म नगर लागत तीन करोड़ 18 लाख 67 हजार, जमुनहा भवियापुर चौराहा से परसोहना लिंक रोड-दो करोड़ 90 लाख 44 हजार, बाबागंज मल्हीपुर सिटकहना रोड से नेवादा जमादार-तीन करोड़ 4 लाख 82 हजार, भवनियापुर चौराहा से लोखडिय़नपुरवा कुंडा लिंक रोड-दो करोड़ 99 लाख 8 हजार, लालपरा गिरंट बाजार रोड से अवसान कुंडी-चार करोड़ 32 लाख तीन हजार, एनएसएलएच रोड से खलीफतपुर-तीन करोड़ 36 लाख 93 हजार की लागत से निर्माण होगा।
भिनगा लक्ष्मनपुर मार्ग की स्थिति अत्यंत जर्जर थी। स्थानीय लोगों द्वारा इस सड़क को पुन: बनवाए जाने की मांग की जा रही थी। जिसे देखते हुए यह मार्ग फिर से बनाने के लिए प्रस्तावित किया गया था। इस रोड के साथ ही सात अन्य सड़कों को भी स्वीकृति मिली है। टेंडर प्रक्रिया अपनाई जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। -ईशान प्रताप सिंह, सीडीओ