श्रावस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ता जा रहा है। रविवार को आई रिपोर्ट में पुलिस लाइन भिनगा में तैनात कर्मचारी सहित आठ लोग संक्रमित मिले। सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं 11 लोग स्वस्थ भी हुए हैं।
कोरोना का प्रकोप जिले में कम नहीं हो रहा है। इसकी चपेट में कोरोना वारियर्स भी आ रहे हैं। रविवार को आई रिपोर्ट में रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में तैनात एक पुलिस कर्मी में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही इकौना के अधवासपुर भगवानपुर बनकट में चार, गिलौला के मोहम्मदपुर में एक, चेतिया में एक, जमुनहा के भगवानपुर मल्हीपुर में एक युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली।
सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। वहीं संबंधित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर वहां लोगों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इसके साथ ही जिले के 11 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इनमें इकौना बाजार निवासी चार, महेसरा निवासी एक, मोहनीपुर निवासी एक, मझौवा सुमाल निवासी एक, सीएचसी सिरसिया निवासी एक, गिलौला बाजार निवासी एक, टीकरअलदाद निवासी एक व कटहा निवासी एक व्यक्ति शामिल है।
उधर जिले में अब तक 32896 लोगों में कोरोना संक्रमण की जांच की जा चुकी है। इनमें से 28347 लोगों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है। अब तक 855 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। वहीं 13 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई है। जिले में मौजूदा समय कुल 58 मरीज एक्टिव हैं। जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमित मिले हैं वहां 200 मीटर क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
जिले में 38 कंटेनमेंट जोन अब भी सक्रिय हैं। सीएमओ डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव का एक मात्र उपाय एहतियात है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह बगैर मास्क व गमछा बांधे घरों से बाहर न निकलें। आपस में दो गज की दूरी बनाएं रखे।