श्रावस्ती। ईद का त्योहार शुक्रवार को मनाया जाएगा। लेकिन ईद की नमाज घर पर ही पढ़ी जाएगी। इस बार ईद के इस त्योहार पर लॉकडाउन भारी रहा। लोगों के घरों में जहां पहले मिठाइयों की प्लेट सजी रहती थी। वहीं इस बार केवल सेंवई से ही काम चलाना होगा।
ईद का त्योहार जिले में शुक्रवार को मनाया जाएगा। इसके लिए घरों में तैयारियां पूरी हो गई हैं। लॉकडाउन के कारण मसजिदों में नमाज न पढ़ कर बल्कि परिवार के साथ घरों में पढ़ जाएगी। इस बार का आलम यह है कि लॉकडाउन के चलते पूरे त्योहार पर भी कोरोना संकट मंडरा रहा है। नगर में दुकानें साप्ताहिक रूप से खुलने के कारण ईद का सामान बुधवार को लोगों ने खरीद लिया। सामान में केवल सेंवई ही सबसे ज्यादा बिकी। इसका कारण था कि मिठाई की दुकानें काफी दिनों से बंद हैं। ऐसे में इस बार ईद मिलने की परंपरा पर भी कुछ संकट रहेगा। इसका कारण है कि लोग खुद ही इतने जागरूक हैं कि वह घर से बाहर नहीं जाना चाहते। ऐसे में अधिकांश लोग फोन पर ही एक दूसरे को बधाई संदेश भेजेंगे।
डीएम, एसपी ने दी बधाई
जिलाधिकारी टीके शिबु, एडीएम योगानंद पांडे, व पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या व अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने पवित्र त्योहार ईद के मौके पर जिलेवासियों को बधाई दी है।
अधिकारी रहेंगे भ्रमणशील
कोविड 19 की भयावह स्थिति को देखते हुए जनपद में धारा 144 लागू है। कोरोना कर्फ्यू के संबंध में जारी दिशा-निर्देश 17 मई 2021 तक प्रभावी हैं। ऐसी स्थिति में जिले में ईद के त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी एसडीएम अपने-अपने तहसील क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सतर्कता बनाए रखेंगे। जिससे ईद के त्यौहार को सकुशल संपन्न कराया जा सके। -योगानंद पांडे, एडीएम